'मुझे आंध्र का बेटा ही समझिए...' अनंत अंबानी ने किया 1 लाख करोड़ के निवेश का ऐलान
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में बड़े निवेश का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि रिलायंस आंध्र प्रदेश में संपीड़ित बायोगैस (CBG) प्लांट स्थापित करने की योजना बना रही है. इससे 3 लाख से ज्यादा नौकरियां पैदा होंगी. साथ ही 60 हजार करोड़ का रेवेन्यू जनरेट होगा.
अंनत अंबानी ने रिलायंस द्वारा 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया. उन्होंने अपनी स्पीच में आंध्र प्रदेश की जनता से कहा कि आज मैं आपसे गुजारिश करता हूं कि आप मुझे आंध्र का बेटा समझें और मुझे बताएं कि मैं आपके खूबसूरत राज्य के लिए क्या योगदान दे सकता हूं.
किसान भाई बहनों के जीवन को बेहतर बनाने की नींव: अनंत अंबानी रिलायंस पर भरोसा करने और इस ऐतिहासिक काम में आंध्र प्रदेश सरकार के साथ पार्टनर बनने के लिए हमें बुलाने के लिए मैं आपका शुक्रिया करता हूं. अनंत अंबानी ने कहा कि आज हम सिर्फ़ फाउंडेशन नहीं रख रहे हैं, बल्कि हम ग्रामीण कारोबार, मज़बूत ग्रामीण, ज़्यादा सस्टेनेबल भारत और सबसे जरूरी बात, अपने किसान भाई-बहनों की ज़िंदगी बेहतर बनाने की नींव रख रहे हैं.
अनंत अंबानी के स्पीच के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मौजूद थे. उन्होंने आंध्र प्रदेश में बड़े निवेश का ऐलान मदनपल्ले में रायलसीमा हॉर्टिकल्चर हब और इंडियन स्कूल ऑफ़ एग्रीकल्चर फाउंडेशन के मौके पर किया.
किसानों को अपने खेत का सीईओ बनाएगा ये संस्थान कार्यक्रम में बोलते हुए अंबानी ने कहा कि रिलायंस इस नए संस्थान को सपोर्ट करने के लिए सरकार और किसानों के साथ मिलकर काम करेगी. उन्होंने आगे कहा कि आज 40,000 करोड़ रुपये की लागत वाला रायलसीमा हॉर्टिकल्चर हब भारत की विकास गाथा में एक और मील का पत्थर साबित होगा. अंबानी ने इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर को टेक्नोलॉजी और किसानों की समृद्धि पर केंद्रित एक नया संस्थान बताया.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पच्चीस साल पहले, आप हैदराबाद में इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस लेकर आए थे. आज, आप भारतीय किसान को उनका अपना ISB दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को बहुत सीईओ दिए हैं. अब ISA भारत के किसान को अपने खेत का सीईओ बनाएगा.

