260 किमी दूरी, हजारों की भीड़... इमरान खान की रिहाई के लिए PTI का लॉन्ग मार्च शुरू

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों ने 'लॉन्ग मार्च' की शुरुआत की है. रविवार चार अक्टूबर से ही शुरू हुए इस मार्च में बड़ी संख्या में PTI समर्थक गांडी चौक पर जमा हुए और यहां से मार्च में शामिल हुए...

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों ने 'लॉन्ग मार्च' की शुरुआत की है. रविवार चार अक्टूबर से ही शुरू हुए इस मार्च में बड़ी संख्या में PTI समर्थक गांडी चौक पर जमा हुए और यहां से मार्च में शामिल हुए.

PTI शासित खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी भी गांडी चौक पहुंचे और उन्होंने पार्टी समर्थकों को संबोधित किया. यह प्रदर्शन ऐसे समय शुरू हुआ है, जब कुछ घंटे पहले ही PTI और पाकिस्तान सरकार के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही. एक बार फिर इस तरह की बातचीत में कोई रास्ता नहीं निकल सका है. पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत बेनतीजा रहने की जानकारी दी.

PTI का यह लॉन्ग मार्च पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर निकाला जा रहा है. इमरान खान साल 2023 से जेल में बंद हैं. बता दें कि PTI ने दो साल पहले भी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया था, जो सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पों में बदल गया था. उन झड़पों में लोगों की जान भी गई थी.

लॉन्ग मार्च की आधिकारिक शुरुआत पेशावर-कराची इंडस हाईवे से हुई. हालांकि, PTI समर्थक गांडी चौक समेत कई अन्य स्थानों पर भी जमा हुए और वहां से इस्लामाबाद की ओर मार्च शुरू कर दिया.

योजना के मुताबिक, मार्च में शामिल लोगों के गुरुवार (8 अक्टूबर) को खैराबाद पहुंचने की उम्मीद है. इसके बाद आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी. फिलहाल PTI समर्थक अलग-अलग इलाकों से मार्च में शामिल हो रहे हैं. 73 वर्षीय इमरान खान पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट स्टार हैं. वह साल 2022 में संसद में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए प्रधानमंत्री पद से हटा दिए गए थे. इमरान खान लगातार दावा करते रहे हैं कि वह राजनीतिक कैदी हैं.

इमरान खान के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए थे. इनमें सरकारी उपहारों से जुड़े मामलों से लेकर सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हिंसक हमलों के लिए लोगों को उकसाने और गैरकानूनी विवाह से जुड़ा मामला भी शामिल है. इमरान खान के खिलाफ सुनाई गई सजाओं में से एक को छोड़कर बाकी सजाएं या तो निलंबित की जा चुकी हैं या उन्हें पलट दिया गया है. कई मामलों में अपील अभी लंबित है. इमरान खान अपने ऊपर लगे आरोपों और किसी भी तरह की गलत गतिविधि में शामिल होने से इनकार करते रहे हैं.

Original Source
https://www.aajtak.in/world/story/imran-khan-release-demand-pti-supporters-long-march-pakistan-ntc-pvp-dskc-2661446-2026-10-05?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World