Asian Games Day 1 Live Updates: एशियन गेम्स का आज पहला दिन, टेकबॉल में आएगा ऐतिहासिक मेडल?
जापान के आइची-नागोया में जारी 20वें एशियन गेम्स में भारत की ओर 503 खिलाड़ी (269 पुरुष और 234 महिला) हिस्सा ले रहे हैं. ये खिलाड़ी 34 अलग-अलग खेलों में चुनौती पेश कर रहे हैं. भारतीय दल में सबसे ज्यादा 74 खिलाड़ी एथलेटिक्स के हैं. ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारत की पदक उम्मीदें भी इसी बड़े दल से जुड़ी होंगी. फील्ड हॉकी 40 खिलाड़ियों के साथ दूसरे बड़े खेलों में शामिल है.
क्रिकेट और शूटिंग में भारत के 30-30 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जबकि कबड्डी में 24 सदस्यीय टीम उतरेगी. 2022 में हांगझोउ एशियन गेम्स के लिए भारत ने 661 खिलाड़ियों का दल भेजा था. यानी पिछली बार की तुलना में भारतीय दल छोटा है. हालांकि, हांगझोउ में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 106 पदक जीते थे, जो एशियन गेम्स में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है. इस बार भारतीय खिलाड़ी उस प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के इरादे से उतरे हैं.
एशियन गेम्स में रविवार (20 सितंबर) को भारत का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है. महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश के सामने होगी, जबकि महिला और पुरुष हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत करेंगी. शूटिंग में भारतीय विमेंस टीम 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पदक के लिए निशाना साधेगी. वहीं वुशु में सूरज सिंह मयांगलाम्बम मेन्स चांगक्वान फाइनल में उतरे हैं, जहां उनके पास पदक जीतने का मौका होगा. सुबह के सत्र में सुचिका तारियाल महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स क्वार्टरफाइनल में चुनौती पेश करेंगी.
टेकबॉल भी भारत के लिए खास रहने वाला है. क्विम्सी जोआकिम डिसूजा महिला सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक के लिए उतरी हैं. अगर वह पोडियम फिनिश हासिल करती हैं, तो टेकबॉल में भारत के लिए एशियन गेम्स में ये पहला पदक होगा. रविवार को भारतीय खिलाड़ी टेबल टेनिस, तैराकी और विमेंस बैडमिंटन में भी अपने-अपने अभियान को आगे बढ़ाएंगे. तैराकी में भारतीय खिलाड़ियों के पास हीट से आगे निकलकर फाइनल में जगह बनाने और पदक की दौड़ में पहुंचने का मौका रहेगा. वुशु में विक्रांत बालियान और अपर्णा भी चुनौती पेश करेंगे.
एशियन गेम्स 2026 में पहले दिन के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. पहले दिन भारत जिन-जिन खेलों में अपनी चुनौती पेश कर रहा, उससे जुड़े अपडेट्स हम लगातार यहां शेयर कर रहे हैं. कृपया ताजा अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहिए...
