'कभी न करें ऐसा विचार...', जमुई के आरोपियों का एनकाउंटर, BJP ने वीडियो शेयर कर दी चेतावनी
बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. सामने आया है कि मुठभेड़ के दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लग गई तो वहीं दूसरे आरोपी हरेराम का पैर टूट गया है.
वहीं इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद BJP ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक वीडियो पोस्ट किया है. जिसमें लिखा है कि 'कभी न करें ऐसा विचार, देख लीजिए उचित उपचार'
कभी ना करें ऐसा विचार, देख लीजिए उचित उपचार!#NDA4Bihar pic.twitter.com/wDGPKaiw48
इस वीडियो के जरिये बीजेपी ने इस तरह की आपराधिक प्रवृत्तियों वाले लोगों को चेतावनी भी दी है. उधर, मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को जमुई सदर अस्पताल लाया गया है. मामले में दो फरार आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ की सूचना सामने आई है. बिहार पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने पुलिस की कार्रवाई की पुष्टि की है. बिहार के जमुई में वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इसके साथ ही मुख्य आरोपी समेत 4 आरोपी फरार थे.
बिहार पुलिस की एडीजी लॉ एंड ऑर्डर केएस अनुपम के अनुसार, मामले में संबंधित थाने में BNSS की धारा 128, 74 और 75 के साथ POCSO एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत केस दर्ज किया गया था. जांच के लिए SIT का गठन किया गया था, जिसकी निगरानी जमुई SDPO के नेतृत्व में की जा रही है.
पूरे मामले को लेकर जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेस वार्ता में कहा कि इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि सोशल मीडिया पर वीडियो को वायरल करने के मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले को लेकर हड़कंप मच गया था. वीडियो में कुछ युवक स्कूली छात्र और छात्रा के साथ अभद्रता और छात्रा के साथ बैड टच करते नजर आ रहे थे. वीडियो देशभर में वायरल होने के बाद प्रशासन भी एक्टिव मोड में आ गया था. मामले में सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई थी और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था. महिला आयोग ने भी मामले पर संज्ञान लिया था.
एडीजी के मुताबिक, यह घटना जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक पहाड़ी इलाके में हुई थी. घटना का समय शाम करीब 6:25 से 6:30 बजे के बीच बताया गया था. पुलिस अब इस बात की भी जांच करेगी कि घटना वाले इलाके में पेट्रोलिंग की क्या व्यवस्था थी. पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी.
यह घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई गई थी. वायरल वीडियो में कुछ लोग सड़क पर बाइक से जा रहे नाबालिग लड़के और लड़की को रोकते दिखाई दे रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया था. जमुई के एसपी ने भी वायरल वीडियो और घटना की पुष्टि की थी. पुलिस के मुताबिक, दोनों पीड़ित नाबालिग थे. पुलिस ने उनसे बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी ली थी. उनके बयानों के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी थी.

