Hurun India Rich List 2026: 10 हजार करोड़ के मालिक शाहरुख की कायम बादशाहत, सबसे अमीर कौन की लिस्ट में सलमान की भी एंट्री
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 जारी हो गई है और शाहरुख खान एक बार फिर सबसे अमीर भारतीय एक्टर के तौर पर उभरे हैं. हालांकि, सुपरस्टार की अनुमानित नेट वर्थ में एक साल में 2,490 करोड़ रुपये की गिरावट आई है. उनकी दौलत अब 10,000 करोड़ रुपये है, जबकि 2025 में ये 12,490 करोड़ रुपये थी.
क्यों कम हुई शाहरुख की दौलत? ताजा आंकड़ों में रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स समेत उनके बिजनेस इंटरेस्ट्स शामिल हैं. इसी साल की शुरुआत में हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट ने शाहरुख की दौलत का अनुमान 10,800 करोड़ रुपये लगाया था. शाहरुख के फैंस के लिए यह एक बड़ी गुड न्यूज है कि वो लगातार दूसरे साल भी देश के सबसे अमीर एक्टर बने हैं.
अमिताभ बच्चन 4,000 करोड़ रुपये की नेट वर्थ के साथ शाहरुख के बाद दूसरे स्थान पर हैं, जो पिछले साल के 1,630 करोड़ रुपये से काफी बढ़ी है. हालांकि, वो खुद कोई बिजनेस एक्टिवली नहीं चलाते, लेकिन उनके फैमिली ऑफिस का कई कंपनियों और रियल एस्टेट में निवेश है. सलमान खान 3,000 करोड़ रुपये की नेट वर्थ के साथ इस साल लिस्ट में नए एंट्री कर रहे हैं. ऋतिक रोशन 2,500 करोड़ रुपये के साथ उनके बाद आते हैं, जो 2025 के 2,160 करोड़ रुपये से बढ़ी है, उनकी ब्रांड HRX ने उनकी दौलत में योगदान दिया है.
जुही चावला और करण जौहर, जो पिछले साल की लिस्ट में शामिल थे, इस बार नजर नहीं आए. 2025 में उनकी नेट वर्थ का अनुमान 7,790 करोड़ रुपये और 1,880 करोड़ रुपये लगाया गया था. रामायण प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के पिता नरेश मल्होत्रा भी 2026 की लिस्ट में 16,000 करोड़ रुपये की नेट वर्थ के साथ शामिल हैं. हुरुन रिच लिस्ट में इस बार भारत में कुल 391 डॉलर बिलियनपति शामिल हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है.


