Maruti को देगी टक्कर, आ गई CNG वाली नई 7-सीटर, इतनी है कीमत
किआ ने भारतीय बाजार में अपनी पहली फैक्टरी फिटेड सीएनजी कार को लॉन्च कर दिया है. हम बात कर रहे हैं किआ कारेन्स (Kia Carens) और कारेन्स क्लैविस सीएनजी (Carens Clavis CNG) की. इन दोनों कारों को ब्रांड पिछले कई दिनों से टीज कर रहा था. ब्रांड ने इस कार को सोरेंटो की लॉन्चिंग के साथ ही अनवील कर दिया था.
अब कंपनी ने इस कार की कीमतों का ऐलान कर दिया है. ये दोनों कारें उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हैं, जो सीएनजी के साथ एक 7-सीटर कार की तलाश में थे. इससे पहले तक सेगमेंट में लोगों के पास सिर्फ मारुति सुजुकी अर्टिगा, एक्सएल-6 और टोयोटा रुमियन का विकल्प था. अब उन्हें दो नए विकल्प मिल गए हैं.
किआ कारेन्स सीएनजी को कंपनी ने 12.12 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च किया है. वहीं किआ कारेन्स क्लैविस सीएनजी को ब्रांड ने 12.39 लाख रुपये में लॉन्च किया है. कारेन्स सीएनजी सिर्फ प्रीमियम (ओ) वेरिएंट के साथ मिलेगा.
वहीं क्लैविस सीएनजी को मिड-स्पेक्स एचटीई और एचटीई (ओ) के साथ खरीदा जा सकता है. तीनों ही वेरिएंट्स अपने पेट्रोल मैन्युअल वेरिएंट के मुकाबले 1 लाख रुपये ज्यादा कीमत पर आते हैं. Carens Clavis HTE (O) CNG वेरिएंट की कीमत 13.35 लाख रुपये है.
मारुति सुजुकी अर्टिगा सीएनजी (Ertiga CNG) की कीमत 10.94 लाख रुपये से 12 लाख रुपये के बीच है. वहीं टोयोटा रुमियन सीएनजी (Toyota Rumion CNG) की कीमत 11.69 लाख रुपये एक्स शोरूम है. जबकि मारुति सुजुकी एक्सएल-6 (Maruti XL6) की कीमत 12.61 लाख रुपये एक्स शोरूम है.
कारेन्स और क्लैविस सीएनजी में 1.5 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन मिलता है, जो 96 एचपी की पावर और 123 एनएम का टॉर्क प्रोड्यूस करता है. इसमें 6 स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन मिलेगा. किआ ने कारेन्स और क्लैविस की फ्यूल एफिशिएंसी नहीं बताई है. मगर ये कार सीएनजी अवतार में 22 से 25 किलोमीटर प्रति किलोग्राम का माइलेज दे सकती है.
फैक्टरी फिटेड सीएनजी टैंक के बाद कार में 116 लीटर का बूट स्पेस मिलता है. सीएनजी वेरिएंट में भी स्पेयर व्हील मिलेगा. किआ ने बताया है कि उन्होंने स्पेंशन को रिट्यून किया है और फ्रंट डिस्क ब्रेक को अपडेट किया है. इसके अलावा कार का डिजाइन और फीचर्स पेट्रोल वर्जन वाला ही है.
