उत्तरी आयरलैंड के आयरलैंड में विलय के सपोर्ट में ट्रंप, बोले- शानदार बात होगी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयरलैंड की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. ट्रंप ने कहा कि एक एकीकृत आयरलैंड को देखना 'शानदार' होगा. उन्होंने रिपब्लिकन ऑफ आयरलैंड और यूके के तहत आने वाले उत्तरी आयरलैंड के पुनर्मिलन की वकालत की.
दरअसल ट्रंप आयरिश गोल्फ कोर्स पर आयोजित एक गोल्फ टूर्नामेंट में शामिल होने पहुंचे थे. डबलिन में आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा, 'मैं कोई समस्या खड़ी नहीं करना चाहता, लेकिन मुझे इसे एकीकृत होते देखना बहुत पसंद होगा.'
ट्रंप ने आगे कहा, 'ये आखिरकार होकर रहेगा, तो बेहतर है कि अभी ही हो जाए. मुझे लगता है कि ये एक शानदार बात होगी, हालांकि जाहिर तौर पर ब्रिटेन को भी इस बारे में बहुत कुछ कहना होगा.'
बता दें कि उत्तरी आयरलैंड की स्थिति को लेकर दशकों तक हिंसा हुई है, जिसमें लगभग 3,600 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी. जो बाइडन जैस पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने भी हमेशा इस मुद्दे पर सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया था. 1998 में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए शांति समझौते ने हिंसा को तो रोक दिया था, लेकिन उत्तरी आयरलैंड के हालात पर सवाल अब भी पूरी तरह से सुलझा नहीं है.
डबलिन दौरे के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने आयरलैंड की राष्ट्रपति कैथरीन कॉनोली से भी मुलाकात की. कॉनोली वामपंथ नेता हैं, जिन्होंने 2019 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान उनके आयरलैंड दौरे का विरोध किया था. पहले वो ट्रंप को 'बुली' कह चुकी हैं और अमेरिका की मिडिल-ईस्ट नीतियों की आलोचना करती रही हैं.
ट्यह भी पढ़ें: फिर बिका ट्रंप के बचपन का घर, सालों से नहीं मिल रहा था खरीदार... अब इतने करोड़ में हुई डील
बता दें कि ट्रंप आयरलैंड दौरे के दौरान डूनबेग स्थित अपने तटीय गोल्फ क्लब में 'आयरिश ओपन' का लुफ्त उठाएंगे. इससे पहले ट्रंप अगस्त 2026 में भी स्कॉटलैंड के एबरडीन में उनके गोल्फ कोर्स पर नेक्सो चैंपियनशिप में शामिल हुए थे. ट्रंप अमेरिका में भी लगातार अपने गोल्फ रिसॉर्ट्स में समय बिताते हैं और टूर्नामेंट्स की मेजबानी करते रहे हैं.

