पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की कर दी हत्या, फिर खुद को भी मारा चाकू
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डूमरतराई इलाके में शनिवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, भुनेश्वर साहू (34) ने कथित तौर पर विवाद के दौरान अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू और दो नाबालिग बच्चों आशीष (10) व ज्ञान (8) पर चाकू से हमला कर दिया. घटना में तीनों की जान चली गई.
आरोपी ने पत्नी और बच्चों पर हमला करने के बाद उसी चाकू से खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया. शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को वारदात की बड़ी वजह माना जा रहा है. भुनेश्वर बालोद जिले का रहने वाला था और डूमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में परिवार के साथ करीब डेढ़ साल से रह रहा था.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री की जांच समिति बेअसर! रायपुर कृषि विश्वविद्यालय में तीसरी बार पेपर लीक
घटना की जानकारी सुबह पड़ोसियों को हुई, जिसके बाद माना थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने घायल भुनेश्वर को हिरासत में लेकर मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया. तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटनास्थल सील कर दिया गया है. रायपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के मुताबिक, रात करीब 1 से 1.30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी. मौके पर दो बच्चे मृत मिले, जबकि महिला गंभीर हालत में थी. अस्पताल ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से तीनों पर हमला किया. पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी सब्जी मंडी में काम करते थे. भुनेश्वर ने करीब दो महीने पहले काम छोड़ दिया था और अलग-अलग काम करने लगा था. पड़ोसियों के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर मारपीट भी होती थी.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर कहा कि पति-पत्नी जीवनरूपी गाड़ी के दो पहिये हैं और दोनों के बीच विश्वास जरूरी है. उन्होंने कहा कि शक की वजह को भी बड़ी समझदारी से सुलझाया जाना चाहिए. पुलिस आरोपी से पूछताछ और घटनाक्रम की जांच कर रही है. उसकी हालत गंभीर बताई गई है और अस्पताल में इलाज जारी है.


