भारतीय खिलाड़ियों से माफी पर अड़ा PCB, शर्त नहीं मानी तो WCL छोड़ गया पाकिस्तान

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) सीजन-3 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले ही नया विवाद खड़ा हो गया है. पाकिस्तान चैम्पियंस ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया. इसके पीछे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से लगाई गई कुछ शर्तों को वजह बताया जा रहा है. सूत्रों के...

वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) सीजन-3 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले ही नया विवाद खड़ा हो गया है. पाकिस्तान चैम्पियंस ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया. इसके पीछे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से लगाई गई कुछ शर्तों को वजह बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, PCB ने NOC जारी करने के लिए भारतीय खिलाड़ियों से पिछले साल भारत-पाक मैच विवाद पर लिखित माफी और इस बार दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक की शर्त रखी थी. WCL प्रबंधन ने इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया.

दरअसल, पाकिस्तान चैम्पियंस को WCL में खेलने के लिए PCB से NOC की जरूरत थी. टीम का बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआती मुकाबला तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया था, लेकिन इसके पीछे NOC का मामला होने की बात सामने आ रही थी.

सूत्रों के मुताबिक PCB NOC देने को तैयार था, लेकिन उसने कुछ शर्तें रखीं. इनमें सबसे अहम शर्त पिछले साल के विवाद को लेकर भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी मांगने की थी. इसके अलावा PCB चाहता था कि इस बार भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी मैच के दौरान एक-दूसरे से हाथ मिलाएं.

एक सूत्र ने  बताया कि PCB ने NOC को कुछ शर्तों से जोड़कर रखा था, लेकिन WCL प्रबंधन ने बोर्ड की सभी मांगों को स्वीकार नहीं किया. सूत्र के मुताबिक, आयोजकों ने व्यावसायिक और टूर्नामेंट से जुड़ी शर्तें स्वीकार कीं, लेकिन भारतीय टीम से माफी और हैंडशेक वाली मांग को नहीं माना.

पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले को लेकर विवाद हुआ था. WCL में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था. ग्रुप स्टेज का मुकाबला नहीं हुआ और बाद में सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरने से इनकार किया.

इसका सीधा फायदा पाकिस्तान को मिला और उसे वॉकओवर के जरिए फाइनल में जगह मिल गई. हालांकि, खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा. दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक को लेकर भी उस दौरान काफी चर्चा हुई थी.

अब PCB कथित तौर पर चाहता था कि पिछले साल की घटना को लेकर भारतीय खिलाड़ियों की ओर से लिखित माफी हो और इस बार दोनों टीमों के बीच हैंडशेक भी हो.

WCL सीजन-3 के शुरुआती कार्यक्रम में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 10 अक्टूबर को प्रस्तावित था. लेकिन पाकिस्तान के टूर्नामेंट से हटने के बाद अब यह मुकाबला नहीं होगा. आयोजकों ने सोमवार को आधिकारिक बयान जारी कर पाकिस्तान चैम्पियंस के हटने की पुष्टि की.

WCL ने कहा कि पाकिस्तान चैम्पियंस अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण सीजन-3 में हिस्सा नहीं लेगा और टूर्नामेंट अब छह टीमों के साथ आगे बढ़ेगा.

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान चैम्पियंस के आधिकारिक बयान में PCB की माफी और हैंडशेक वाली कथित शर्तों का कोई जिक्र नहीं किया गया. टीम ने सीधे तौर पर NOC नहीं मिलने को टूर्नामेंट से बाहर होने की वजह बताया.

पाकिस्तान चैम्पियंस ने कहा कि PCB की ओर से जरूरी NOC जारी नहीं किए जाने के कारण टीम WCL में हिस्सा नहीं ले पाएगी. टीम ने PCB के अधिकार और उसके फैसले का सम्मान करने की बात भी कही.

पाकिस्तान चैम्पियंस की कप्तानी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद आफरीदी को करनी थी. हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ टीम के शुरुआती मुकाबले के दौरान वह UAE में मौजूद नहीं थे. पाकिस्तान को सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी खेलना था, लेकिन वह मुकाबला भी रद्द हो गया.

पाकिस्तान चैम्पियंस ने WCL के पिछले दोनों संस्करणों में फाइनल तक का सफर तय किया था. दोनों बार टीम उपविजेता रही. ऐसे में तीसरे सीजन में भी उसके पास खिताब जीतने का मौका था, लेकिन NOC विवाद के चलते अब वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई है.

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि पिछले साल भारत-पाकिस्तान क्रिकेट विवाद की परछाई अब लीजेंड्स क्रिकेट तक भी पहुंच गई है. एक तरफ PCB ने कथित तौर पर माफी और हैंडशेक को NOC से जोड़ दिया, तो दूसरी तरफ WCL आयोजकों ने इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया. नतीजा यह हुआ कि 10 अक्टूबर को प्रस्तावित भारत-पाक मुकाबला अब मैदान पर नहीं होगा.

Original Source
https://www.aajtak.in/sports/cricket/story/pcb-wcl-pakistan-champions-withdrawal-india-apology-handshake-condition-bmsp-dskc-2662523-2026-10-06?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World