Stock Market Crash Signal: एक नहीं तीन कारण... तीनों US से जुड़े, शेयर बाजार में आज मचने वाली है तबाही?
शेयर बाजार में फिर से तबाही मचने वाली है. ये हम नहीं कह रहे, बल्कि विदेशों से इस भूचाल के संकेत मिल रहे हैं. खासतौर पर अमेरिका में दो ऐसे फैसले हुए हैं, जो भारत की टेंशन बढ़ाने वाले हैं. तो वहीं अमेरिकी शेयर मार्केट क्रैश और गिफ्ट निफ्टी भी सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी गिरावट की ओर इशारा कर रहे हैं. लंबे समय के बाद आखिरकार बीते दो दिनों से मार्केट में हरियाली देखने को मिली थी, जिस पर फिर संकट मंडराने लगा है.
लंबी सुस्ती के बाद जागा है बाजार शेयर मार्केट में बीते कुछ समय से लगातार गिरावट का सिलसिला जारी था. इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि चालू सप्ताह से पहले के हफ्ते में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला निफ्टी दोनों इंडेक्स 2-2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट में रहे थे और निवेशकों को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा था, लेकिन बीते दो कारोबारी दिनों से बाजार की चाल बदली है और सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी से निवेशकों ने राहत की सांस ली. हालांकि, अब जो संकेत बाजार के लिए मिले हैं, उनसे ये राहत हवा होती नजर आ रही है.
अमेरिका से एक साथ 3 खराब संकेत Stock Market Crash के मिल रहे संकेतों में दो सबसे बड़े अमेरिका से जुड़े हुए हैं. दरअसल, US Fed Reserve ने पॉलिसी रेट हाइट (Interest Rate Hike) का ऐलान किया है. केविन वॉर्श के नेतृत्व में हुई फेड की बैठक में ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट यानी 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी की है. इसके बाद अमेरिका में फेडरल फंड्स रेट 3.75% से 4% के दायरे में पहुंच गया है.
दूसरा बड़ा कारण अमेरिकी सीनेट में रूस पर नए प्रतिबंध लगाने वाले एक बिल को मंजरी मिलना है. जो भारत की टेंशन बढ़ाने वाला फैसला है. दरअसल, अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने का अधिकार देने का प्रावधान है और बता दें कि भारत Russian Oil Import करने वाले बड़े खरीदारों में शामिल है.
शेयर बाजार में तबाही मचने का तीसरा संकेत अमेरिका शेयर बाजार से लेकर सेंसेक्स-निफ्टी के लिए प्रमुख संकेतक माने जाने वाले गिफ्ट निफ्टी से मिल रहा है. दरअसल, अमेरिका में ब्याज दरों में इजाफा होने की खबर से बीते कारोबारी दिन डाउ जोंस क्रैश हो गया. Dow Jones में 1.21 फीसदी या 631 अंकों की तेज गिरावट देखने को मिली. तो वहीं Gift Nifty गुरुवार को शुरुआत से ही रेड जोन में कारोबार करते हुए भारतीय शेयर बाजार का सेंटीमेंट खराब होने के सिग्नल दे रहा है.