सऊदी अटैक के बाद ताइज के पब्लिक मार्केट में तबाही, VIDEO में दिखा खौफनाक मंजर
यमन के ताइज शहर में एक पब्लिक मार्केट पर हवाई हमले के बाद तबाही का खौफनाक मंजर सामने आया है. ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने आरोप लगाया है कि सऊदी अरब की एयरफोर्स ने सेंट्रल मार्केट के पास शॉपिंग इलाके को निशाना बनाया. हूतियों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं.
हूती समूह के अल-मसीरा टीवी ने हमले के बाद का वीडियो रिलीज किया है. इसमें बाजार से धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है. एक गोदाम भी बुरी तरह तबाह नजर आ रहा है, जिसमें खाने-पीने का सामान कार्डबोर्ड के डिब्बों में रखा था. हूतियों के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि घायलों में बच्चे भी शामिल हैं.
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि सऊदी अरब ने दो हवाई हमले किए, जिनकी चपेट में मार्केट आया. उन्होंने कहा कि इसमें बेगुनाह लोगों का खून बहाया गया है. हूती स्वास्थ्य मंत्रालय ने हमले को नागरिक इलाकों पर जानबूझकर किया गया हमला बताया है. हूतियों ने इस हमले का बदला लेने की भी धमकी दी है.
Warehouses belonging to the Houthi-run Military Economic Corporation, a key food supply hub for the group’s forces in #Taiz, were also damaged in airstrikes targeting Houthi camps and gatherings eastern the city.#Yemen https://t.co/eK4YhOThGh pic.twitter.com/vCQP1j8aVE
हालांकि, हूतियों के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के प्रति वफादार सैनिकों ने कहा है कि उनकी एयरफोर्स ने इलाके में हूतियों के एक डिपो और वाहनों को निशाना बनाया था.
ताइज फिलहाल यमनी सरकार के नियंत्रण में है. यह शहर लंबे समय से हूती लड़ाकों की घेराबंदी में रहा है और यमन की जंग के अहम मोर्चों में शामिल है. सितंबर में हूतियों के नए हमले के बाद देश के कई हिस्सों में लड़ाई तेज हुई है. इस दौरान करीब 1 लाख 25 हजार लोग विस्थापित हुए हैं.
यमन में 2014 से गृहयुद्ध जारी है. हूतियों ने तब राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था. इसके बाद सऊदी अरब ने हूतियों के खिलाफ गठबंधन बनाया था. अब ईरान युद्ध और क्षेत्रीय तनाव के बीच यमन में फिर से लड़ाई बढ़ गई है. यमनी सरकार ने लोगों से सेना और सुरक्षा बलों में शामिल होने की अपील करते हुए आम लामबंदी का भी आह्वान किया है.
