Women's Asia Cup 2026: फाइनल की पिक्चर साफ, खिताब मुकाबले में भिड़ेंगे भारत-श्रीलंका, पाकिस्तान नॉकआउट
विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल की पिक्चर साफ हो गई है. 13 सितंबर (रविवार) को दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले फाइनल में भारत और श्रीलंका की टीम्स आमने-सामने होंगी. शुक्रवार (11 सितंबर) को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया और खिताबी मुकाबले में जगह बना ली. पिछली बार भी दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने थीं, जहां श्रीलंका ने भारत को हराकर पहली बार एशिया कप खिताब जीता था.
पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में श्रीलंका को जीत के लिए 131 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए उसकी शुरुआत बेहद खराब रही. उसने महज 6.2 ओवर्स में 33 रनों के स्कोर तक चार विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा ने और कविशा दिलहारी ने पारी संभाली. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की अहम साझेदारी की. हर्षिता समरविक्रमा ने 31 गेंदों पर 36 रन बनाए, जिसमें 2 चौके शामिल रहे. वहीं कविशा दिलहारी ने चार चौके की मदद से 33 बॉल पर 33 रनों का योगदान दिया.
The defending champions are through to the Grand Finale! Pakistan were ahead for most of the chase but the Lionesses’ middle order batted brilliantly to take Sri Lanka all the way home 🇱🇰#DPWorldWomensAsiaCup2026 #SLWvPAKW #ACC pic.twitter.com/lSwOfPTrdL
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने एक ही ओवर में हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी को आउट कर श्रीलंका को फिर दबाव में ला दिया. उस समय श्रीलंका का स्कोर 109/6 था और उसे जीत के लिए आखिरी तीन ओवरों में 22 रन चाहिए थे. यहां से नीलाक्षिका सिल्वा (नाबाद 18 रन) और कौशानी नुत्यांगना (नाबाद 10 रन) ने 8 गेंद बाकी रहते श्रीलंकाई टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया. गेंदबाजी में फातिमा ने चार विकेट झटके, लेकिन उनकी टीम को इसका फायदा नहीं मिला. श्रीलंका ने दबाव के बावजूद यह मुकाबला अपने नाम कर लिया.
बल्ले से भी चमकीं पाकिस्तानी कप्तान इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम भी मुश्किल में थी. 10 ओवर्स के भीतर उसका स्कोर 52/4 हो गया था. इसके बाद कप्तान फातिमा सना ने मोर्चा संभाला और 36 गेंदों पर नाबाद 47 रनों की पारी खेली. इस दौरान फातिमा ने चार चौके और दो छक्के लगाए. उनकी इस पारी की बदौलत पाकिस्तानी टीम 5 विकेट पर 130 रनों तक पहुंचने में सफल रही.
फाइनल में भारत और श्रीलंका की भिड़ंत 2024 के खिताबी मुकाबले की यादें ताजा करेगी. पिछले संस्करण के फाइनल में श्रीलंका ने भारत को 8 विकेट से हराकर पहली बार विमेंस एशिया कप खिताब जीता था. हालांकि इस बार भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और लगातार चार मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंची है. भारत ने ग्रुप स्टेज में तीनों मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रनों से हराया. हरमनप्रीत कौर की टीम अब श्रीलंका को हराकर विमेंस एशिया कप में रिकॉर्ड आठवां खिताब जीतना चाहेगी. दूसरी ओर, श्रीलंका अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से उतरेगा.
